स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की जांच में मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में बड़ी खामी मिली है। मेट्रो की ज्यादातर पार्किंग में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। जिन पार्किंग में सीसीटीवी कैमरे लगे भी हैं, वह खराब पड़े हैं। ऐसे में इन मेट्रो स्टेशन पर होने वाले किसी भी अप्रिय घटना को रोकना पुलिस के लिए कड़ी चुनौती साबित होने वाली है। मेट्रो पुलिस ने इन कमियों को लेकर पार्किंग संचालकों पर 125 मामले दर्ज किए हैं।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस ने मंगलवार को पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की तो ढेरों खामियां मिलीं। पता चला कि यहां काम करने वाले पार्किंग अटेंडेंट विस्फोटक जांचने वाले दर्पण से वाहनों की जांच नहीं कर रहे हैं। किसी भी गाड़ी के बोनट और डिग्गी को खोलकर जांच नहीं होती। यहां तक कि अटेंडेंट के पास वर्दी और पहचान पत्र तक नहीं पाया गया।
आईजीआई एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन जैसे संवेदनशील मेट्रो स्टेशन की पार्किंग में सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन के पार्किंग में सीसीटीवी कैमरा काम नहीं कर रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा को लेकर कोताही बरतने वाले पार्किंग मालिकों के खिलाफ 125 एफआईआर दर्ज की गई है।
स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए दिल्ली मेट्रो पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। मेट्रो पुलिस उपायुक्त जितेंद्र मणि ने बताया कि मेट्रो पुलिस और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम लगातार सभी स्टेशनों पर लगातार गश्त कर रही हैं।