पठानकोट एयरबेस पर शनिवार की सुबह हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में अलर्ट का दावा किया जा रहा है लेकिन फरीदाबाद के रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा में लापरवाही बरती जा रही है।
शनिवार को किसी भी स्टेशन पर सुरक्षाकर्मियों की कोई चौकसी नहीं दिखाई दी। ये हाल तब है जबकि आतंकी संगठन पहले ही ट्रेनों और स्टेशनों पर हमले की धमकी दे चुके हैं।
शनिवार की भोर में सेना की वर्दी में आंतकियों द्वारा पठानकोट एयरबेस पर हमला करने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने प्रदेशभर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया और ट्रेनों व स्टेशनों की सुरक्षा चाकचौबंद करने के निर्देश उच्चाधिकारियों ने दिए।
शनिवार को जब सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया तो देखा कि किसी भी स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। ओल्ड फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और पलवल स्टेशनों पर जीआरपी और आरपीएफ नजर नहीं आई।
किसी भी स्टेशन पर न तो गश्त बढ़ाई गई और न ही गाड़ियों में जांच की जा रही थी। उधर जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी गश्त करने का दावा कर रहे हैं।