सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से आगे बढ़ते हुए सेक्टर-62 तक एक्सटेंशन मेट्रो का ट्रायल 15 अक्तूबर से शुरू होगा। डीएमआरसी सूत्रों की माने तो दिसंबर के आखिरी सप्ताह में मेट्रो लाइन को लोगों के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
एक्सटेंशन लाइन पर बने छह स्टेशनों पर फिनिशिंग व ट्रैक का काम 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है। जबकि सिविल का काम 80 प्रतिशत पूरा हो गया है। एनएच-24 के पास मेट्रो की लाइन के लिए एक स्पैन बन रहा है।
नए कॉरिडोर के लिए तीन माह के ट्रायल की जरूरत महसूस की जाती है, चूंकि यह एक्सटेंशन लाइन है इसलिए यहां 45 दिन का ही ट्रायल हो सकता है। यही नहीं नोएडा-ग्रेनो मेट्रो कॉरिडोर के खुलने के दो से ढाई माह में इस कॉरिडोर को खोलने का लक्ष्य रखा गया है।
सितंबर में शुरू होगा नोएडा-ग्रेनो कॉरिडोर
नोएडा-ग्रेटर नोएडा कॉरिडोर सितंबर में शुरू हो जाएगा। एनएमआरसी के अधिकारियों ने इसी बात के संकेत दिए। उनका कहना है कि 10 किलोमीटर तक ट्रायल का काम पूरा हो चुका है।
यही नहीं स्पीड का सर्टिफिकेट भी एनएमआरसी को मिल चुका है। अब सेक्टर-71 मेट्रो स्टेशन तक सिग्नलिंग का काम चल रहा है। इसके बाद पूरी ट्रेन को ट्रायल के लिए सेक्टर-71 स्टेशन तक ले जाया जाएगा। इसके बाद आरडीएसओ और चीफ मेट्रो रेल सेफ्टी कमिश्नर की हरी झंडी मिलने के बाद कॉरिडोर को पब्लिक के लिए खोला जाएगा।
कुल पांच ट्रेनें पहुंची ग्रेनो डिपो
एनएमआरसी के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर पीडी उपाध्याय ने बताया कि दो अन्य मेट्रो ट्रेन ग्रेनो पहुंच चुकी है। इसी के साथ यहां पहुंची ट्रेनों की संख्या पांच हो गई। वहीं एक ट्रेन फिलहाल रास्ते में है। यह माह के अंत तक पहुंचेगी।
फिलहाल कॉरिडोर पर इलेक्ट्रिकल और मेकेनिकल का काम चल रहा है। इसमें लिफ्ट और एस्केलेटर के काम के अलावा बिजली और पानी के लिए व्यवस्था की जा रही है।
25 जुलाई को खुलेगा सेक्टर-61 चौराहा
सेक्टर-62 तक के मेट्रो लाइन के लिए सेक्टर-61 चौराहे पर स्टील का स्पैन बनाया जा रहा है। इसके लिए पूरे चौराहे को बंद कर ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया है। डीएमआरसी के अधिकारियों के मुताबिक इस चौराहे को 25 जुलाई को खोला जाएगा।
इसके बाद यहां से वाहन चालकों को निकलने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। इस चौराहे को बंदकर रूट को डायवर्ट किया गया है। इस वजह से यहां जाम की नौबत आ रही है। यहां से शहर को दूसरे महत्वपूर्ण स्थानों से जोड़ा गया है।
स्टेशनों के साथ कंपनियों के नाम जोड़ने पर हुई चर्चा
नोएडा-ग्रेटर नोएडा कॉरिडोर की एक्वा लाइन मेट्रो स्टेशनों पर ब्रांडिंग राइट्स के लिए निविदा प्रक्रिया में है। उसकी प्री-बिड मीटिंग मंगलवार को नोएडा प्राधिकरण में हुई। बैठक में संस्थाओं की ओर से आ रही जिज्ञासाओं को शांत किया गया।
उनकी ओर से यह पूछा गया था कि मेट्रो स्टेशनों के साथ उनकी कंपनी या एजेंसियों के नाम कैसे जुड़ेंगे। बैठक में विज्ञापन एजेंसियां, ग्रेटर नोएडा की कई संस्थाओं के लिए कई अन्य एजेंसियों ने भाग लिया।
एनएमआरसी और प्राधिकरण के अधिकारियों ने उनको कई प्रकार के सुझाव दिए। इसके बाद निविदा के लिए बोली लगेगी, जो सबसे ज्यादा बोली लगाएगा। उसको यह अधिकार दे दिए जाएंगे कि वह अपनी एजेंसी या कंपनी का नाम स्टेशन के साथ जोड़ सकें।