खराब पाइप देने पर डूब गया था रुपया
जगवीर के बेटे जतिन राठी ने बताया कि उसके पिता महेश सिंगला की फैक्टरी से कई साल से पाइप लेकर राजस्थान और हरियाणा समेत अन्य राज्यों में बिक्री करते थे। लेकिन कुछ सालों से महेश सिंगला ने उन्हें बेहतर क्वालिटी के पाइप दिखाकर कम गुणवत्ता का माल देना शुरू कर दिया था। जब सामान उनके ग्राहकों के पास दूसरे राज्यों में पहुंचता तो पता चलता था कि रास्ते में ही कई कई पाइप टूट जाते थे। गुणवत्ता की कमी के कारण उनके पिता का लाखों रुपया ग्राहकों ने अदा नहीं किया। जबकि लगभग 90 लाख के लेनदेन में से उनके पिता महेश सिंगला को 80 लाख रुपये का भुगतान कर चुके थे। इसके बाद भी महेश सिंगला अपने लोगों को भेजकर प्रताड़ित कर रहा था।
जिले में 2000 से अधिक हैं लेनदेन के विवाद
जिले में कारोबारी, व्यापारी, बिल्डर, खरीदार, ठेकेदार, श्रमिक आदि के बीच लेनदेन के दो हजार से अधिक विवाद हैं। हर थाने में कोई न कोई पीड़ित पहुंचकर अपनी व्यथा बयां करता है। थाना स्तर पर लेनदेन के मामलों में कार्रवाई से आमतौर पर पुलिस दूरी बनाकर रखती है। लेकिन आलाधिकारियों व न्यायालय के आदेश पर बड़ी संख्या में जिले में केस दर्ज किए गए हैं। इन केसों की या तो पुलिस जांच कर रही है या फिर न्यायालय में केस विचारधीन हैं। न्यायालय के जाने के बाद केस लंबा खिंचता है। इसके चलते पीड़ित पुलिस से उम्मीद लगाते हैं और कई बार जल्द रुपया वापस पाने को लेकर विवाद के मामले भी सामने आते हैं। कई बार लेनदेन के विवाद में संगीन आरोप के मामले भी सामने आते हैं।
व्यापारी के खुदकुशी करने से पहले का वीडियो सामने आने पर मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। - अशोक कुमार, एडीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन