दिल्ली विश्वविद्यालय ने अपने कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) यूजी-2023 के तहत स्नातक प्रोग्रामों में दाखिले के लिए अंतिम स्पॉट राउंड-2 के लिए सोमवार को सीटों का आवंटन कर दिया। दूसरे राउंड के तहत करीब तीन हजार से अधिक खाली सीटों के लिए 7388 सीटों को ऑफर किया गया है। इस राउंड में छात्र का सीट स्वीकार करना अनिवार्य है।
सीट को स्वीकार नहीं करने पर छात्र सिस्टम से बाहर हो जाएंगे। छात्रों को उनके द्वारा भरी गई कॉलेज व कोर्स की प्राथमिकता के आधार पर कॉलेज व कोर्स का आवंटन किया गया है। प्रशासन के अनुसार इस राउंड की सीटों का विश्लेषण करने के बाद ही अगले राउंड को आयोजित करने पर विचार किया जाएगा।
डीयू ने दूसरे स्पॉट राउंड के तहत सात सितंबर को खाली सीटों की जानकारी जारी की थी। इस राउंड के लिए तीन हजार से अधिक सीटें खाली थी। जिसके लिए छात्रों को 9 सितंबर तक आवेदन करने का अवसर दिया गया था। इसके बाद सोमवार को आवेदन प्रक्रिया में विभिन्न कोर्सेज की खाली सीटों के लिए 29,578 ने आवेदन किया। इस आवेदन के आधार पर 7,388 को सीट ऑफर की गई।
डीयू की करीब 71 हजार सीटें हैं, जिसमें से 67,200 से अधिक सीटें भर गई हैं। डीयू अधिकारियों के अनुसार छात्र 13 सितंबर तक आवंटित सीट को स्वीकार कर सकते हैं। कॉलेज सत्यापन व दाखिले को मंजूरी 14 सितंबर शाम 4:59 मिनट तक करेंगे। जबकि फीस का भुगतान 15 सितंबर शाम 4:59 मिनट तक किया जा सकेगा।
डीयू दाखिला डीन प्रो. हनीत गांधी ने कहा कि यदि इस राउंड के बाद भी सीटें खाली रहती हैं तो खाली सीटों का विश्लेषण किया जाएगा। इसके बाद ही विचार किया जाएगा कि खाली सीटों को किस तरह से भरा जाएगा। मालूम हो कि तीन सीट आवंटन सूची और दो स्पॉट राउंड के बाद भी सीटें नहीं भर पा रही हैं। कई आवेदक एक सीट पर ही दावेदारी दिखा रहे हैं, जिस कारण से सीटें भर नहीं पा रही। अधिकतर सीटें आरक्षित वर्गों की ही खाली है।