बायोडायवर्सिटी पार्क में तेंदुआ
- फोटो : अमर उजाला
बुराड़ी स्थित यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क में तेंदुए की खोजबीन अब भी जारी है। उसे पकड़ने के लिए एक पिंजरा भी लगाया गया है। करीब 35 वनकर्मी दिन-रात तेंदुए की खोज में लगे हैं। तेंदुआ डरकर या अपनी सुरक्षा के लिए कहीं और शिफ्ट न हो जाए।
इसलिए लोगों की चहलकदमी को भी कम करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देश के बाद बुधवार दोपहर तक लोगों के लिए प्रतिबंधित इलाकों से संबंधित साइन बोर्ड भी लगा दिए जाएंगे।
मुख्य वन्यजीव प्रबंधक एके शुक्ला ने मंगलवार को साइट का दौरा किया।
उन्होंने बताया कि तेंदुए को पकड़ने की पूरी कोशिश की जा रही है। अभी एक पिंजरा लगाया गया है, जरूरत पड़ी तो एक और लगाया जाएगा। इसके अलावा तेंदुए की गतिविधि रिकॉर्ड करने के लिए कैमरे भी लगाए गए हैं।
कैमरे में कैद गतिविधियों में देखा गया है कि उसका पेट भरा हुआ है। शुक्ला ने बताया कि तेंदुए ने संभवत: नीलगाय का शिकार किया है। नीलगाय के अवशेष मिले हैं। इसलिए करीब 6 से 7 दिन तक अभी तेंदुए को कोई परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि पार्क के इर्द-गिर्द रिहायशी इलाकों में तेंदुए को लेकर किसी तरह का भय न हो, इसके लिए कई वनकर्मी लगाए गए हैं। गौरतलब है कि तेंदुए को पार्क में पहली बार जहां देखा गया था, अंदेशा है कि वह उस इलाके में ही 250 से 300 वर्गमीटर के दायरे में घूम रहा है।
यदि तेंदुआ गिरफ्त में आता है, तो उसे दूसरे राज्य में शिफ्ट किए जाने पर भी विचार किया जा रहा है। इसके लिए राज्यों से बातचीत चल रही है। इस संबंध में एके शुक्ला ने बताया कि पहले तेंदुआ पकड़ा जाएगा। उसका मेडिकल चेकअप होगा। पूरी तरह फिट होने पर ही कहीं भेजे जाने की बात बन सकती है। अभी कुछ तय नहीं हुआ है।