अब अगले एक सप्ताह तक बगैर किसी रुकावट दिल्ली में सीलिंग देखने को मिलेगी। पहले स्वतंत्रता दिवस और उसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के चलते गुरुवार और शनिवार को सीलिंग की कार्रवाई हुई थी।
इसमें करीब 66 फैक्ट्रियों को सील कर दिया गया। वहीं पूर्वी दिल्ली नगर निगम को करीब चार करोड़ रुपये से अधिक अब तक राजस्व से प्राप्त हुआ है।
जानकारी के अनुसार रविवार को पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर में सीलिंग नहीं हुई, लेकिन सोमवार से अर्द्धसैनिक बलों और दिल्ली पुलिस को तैनात रहने की मंजूरी मिली है।
बताया जा रहा है कि निगम ने सर्वे के बाद दो हजार से ज्यादा फैक्ट्रियों को सील करने का निर्णय लिया था, लेकिन पिछले दो दिन हुई कार्रवाई में सीलिंग का आंकड़ा 100 तक भी नहीं पहुंचा है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि विश्वास नगर में पूरे माह सीलिंग देखने को मिल सकती है।