भीषण गर्मी के कारण बेसिक शिक्षा परिषद ने कक्षा आठ तक के स्कूलों में 30 जून तक छात्रों के लिए अवकाश घोषित किया, लेकिन 16 जून से शिक्षकों और स्टाफ के लिए स्कूल खुलेंगे। एक जुलाई से स्कूल नियमित रूप से संचालित होंगे, जबकि मान्यता प्राप्त स्कूल प्रबंध समिति के निर्णय पर निर्भर होंगे।
बेसिक शिक्षा परिषद के तहत संचालित होने वाले कक्षा आठ तक के स्कूल छात्रों के लिए एक जुलाई से खुलेंगे। भीषण गर्मी को देखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने इसके लिए आदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अत्यधिक गर्मी एवं हीटवेव को देखते हुए स्कूलों में 30 जून तक पठन-पाठन के लिए छात्र-छात्राएं नहीं बुलाए जाएंगे। एक जुलाई से स्कूल अपने निर्धारित समय पर नियमित खुलेंगे, जबकि 16 जून से स्कूल शिक्षकों व अन्य स्टॉफ के लिए खुल जाएंगे।
विज्ञापन
बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि स्कूलों को सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि स्कूल में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी जाएंगे। वह शैक्षणिक, प्रशासकीय एवं अन्य कार्यों को करेंगे। हालांकि मान्यता प्राप्त स्कूलों में प्रबंध समिति अपना निर्णय लेने के लिए अधिकृत है। वह अपने हिसाब से निर्णय ले सकते हैं। वहीं, शिक्षकों ने भी 30 जून तक अवकाश करने की मांग की है। शिक्षकों का कहना है कि जब छात्र ही स्कूल नहीं आएंगे तो वह क्या करेंगे।