शिक्षा विभाग ने सर्दी की वजह से स्कूलों का टाइम टेबल बदल दिया है। मंगलवार से स्कूलों का समय सुबह साढ़े नौ बजे से शाम साढ़े तीन बजे रहा।
इससे स्कूली बच्चों व उनके अभिभावकों को राहत मिली है। समय बदलने के कारण नौनिहालों को स्कूल के लिए जल्दी उठना नहीं पड़ा।
शहर से दूरदराज के इलाकों में जाने वाले स्कूली वाहन सुबह ही बच्चों को बैठा लेती हैं। क्योंकि स्कूलों का समय सुबह आठ बजे था। इसके चलते बच्चों को जल्दी उठना पड़ता है।
अटाली, दयालपुर, मोहना, तिगांव व नहरपार आदि इलाकों में कुछ दिनों से सुबह के वक्त धुंध नजर आती है। बढ़ी ठंड को देखते हुए अभिभावक स्कूलों का समय बदलने की मांग कर रहे थे।
ग्रामीण सुरेंद्र कुमार, प्रीतम सिंह आदि का कहना है कि ठंड के कारण बच्चे खांसी-जुकाम, बुखार, वायरल आदि की चपेट में आ रहे थे। इसलिए स्कूलों का समय बदलने से बच्चों व अभिभावकों को राहत मिली है।
समय बदलने के कारण स्कूल प्रशासन ने मंगलवार को नए समय-सारिणी के मुताबिक स्कूल लगाए। यहां बता दें ठंड के कारण नौनिहालों को स्कूल में साढ़े छह घंटे की बजाए छह घंटे ही स्कूल लगेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी रामकुमार फलसवाल का कहना है कि मौजूदा टाइम-टेबल सभी स्कूलों पर लागू हो गया है। अगले आदेशों तक जिले के सभी स्कूल सुबह साढ़े नौ बजे लगेंगे। दोपहर बाद साढ़े तीन बजे छुट्टी होगी।