नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने जालंधर कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर वायरल वीडियो में आतिशी की ओर से गुरु शब्द का इस्तेमाल नहीं करने के बारे में साफ किया है। वहीं भाजपा के मंत्री कपिल मिश्रा और मनजिंदर सिंह सिरसा ने झूठा प्रचार कर हिंदू और सिख समुदाय के बीच तनाव फैलाने की कोशिश की।
पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पिछले कई दिनों से मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और प्रवक्ता मिलकर एक फर्जी वीडियो के जरिये झूठा प्रचार कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि आतिशी पर सिख गुरुओं के अपमान का झूठा आरोप लगाकर धार्मिक भावनाएं भड़काने की कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस की जांच और जालंधर कोर्ट के आदेश में वीडियो से छेड़छाड़ की बात स्पष्ट हो गई है। कोर्ट ने न केवल इस वीडियो को झूठा माना, बल्कि यह भी कहा कि इसे फैलाने के दौरान भाजपा नेताओं ने इस्तेमाल किए शब्द दंगा भड़काने वाले थे।