आपको बता दें कि फिल्म जगत में 'कैलेंडर' के नाम से मशहूर अभिनेता, निर्माता, निर्देशक, कॉमेडियन और पटकथा लेखक सतीश कौशिक का आठ मार्च की देर रात (करीब 2.30 बजे) गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया। 66 वर्षीय सतीश कौशिक के शव का दिल्ली के दीन दयाल अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ। उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई, हालांकि फोर्टिस के डॉक्टरों को इसमें संशय था जिसकी वजह से उनका पोस्टमार्टम कराया गया।
सतीश कौशिक का जन्म हरियाणा के महेंद्रगढ़ में 13 अप्रैल 1956 को हुआ। उन्होंने 1972 में दिल्ली के किरोड़ी मल कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। वहीं उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा और एफटीआईआई से भी पढ़ाई की।
अभिनेता अनुपम खेर ने ट्वीट कर उनके निधन की जानकारी दी। उन्होंने सतीश कौशिक को श्रद्धांजलि दी है। बता दें, सतीश कौशिक महामारी के दौरान कोविड से संक्रमित भी हुए थे।
अनुपम खेर ने ट्वीट किया, जानता हूं 'मृत्यु ही इस दुनिया का अंतिम सच है!' पर ये बात मैं जीते जी कभी अपने जिगरी दोस्त सतीश कौशिक के बारे में लिखूंगा, ये मैंने सपने में भी नहीं सोचा था। 45 साल की दोस्ती पर ऐसे अचानक पूर्णविराम! ओम् शांति!
सतीश कौशिक की मौत के मामले की जांच जारी है। पूछताछ के दौरान उनके मैनेजर संतोष राय ने खुलासा किया है कि फार्म हाउस में दोपहर तीन बजे के बाद कोई पार्टी नहीं हुई थी। जश्न मनाने के बाद सतीश फार्म हाउस स्थित अपने कमरे में चले गए थे। इसके बाद वह 9:00 बजे डिनर के लिए आए। खाना खाने के बाद वह दोबारा अपने कमरे में चले गए। वहां आईपैड पर वह मूवी क्लिप देखने लगे। रात करीब 12 बजे उन्होंने संतोष राय को कॉल कर तबीयत खराब होने की बात बताई। सतीश का कहना था कि उनको बेचैनी होने के अलावा सीने में दर्द हो रहा है। संतोष आननफानन में सतीश को गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल ले गए, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। उनकी मौत का मुख्य कारण हार्ट अटैक को बताया गया। मामले की जांच जारी है।