स्टेशन बनकर हुआ तैयार, बनाए गए हैं चार ट्रैक और छह प्लेटफार्म
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का आरंभिक स्टेशन सराय काले खां यात्रियों के लिए पूरी तरह तैयार हो चुका है। यह स्टेशन राजधानी का सबसे बड़ा मल्टी-मॉडल हब होगा। यह स्टेशन आधुनिक तकनीक, बेहतर कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं से लैस किया जा चुका है। 215 मीटर लंबा, 50 मीटर चौड़ा और 15 मीटर ऊंचा यह स्टेशन बड़ी संख्या में यात्रियों को संभालने में सक्षम है।
स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए पांच प्रवेश-निकास द्वार, 14 लिफ्ट, 18 एस्केलेटर और कई सीढ़ियां बनाई गई हैं। प्लेटफार्म स्क्रीन डोर्स (पीएसडी) भी लगाए गए हैं, जिससे सुरक्षा और संचालन की दक्षता बढ़ेगी। स्टेशन पर एक ही लेवल पर 4 ट्रैक और 6 प्लेटफॉर्म की व्यवस्था है। यह नमो भारत कॉरिडोर का एकमात्र ऐसा आधुनिक स्टेशन है जहां से गाजियाबाद-मेरठ, दिल्ली-एसएनबी-अलवर और दिल्ली-पानीपत-करनाल कॉरिडोर के लिए भी ट्रेनें उपलब्ध होंगी।
परिवहन के सभी व्यस्त केंद्रों से जोड़ा गया
सराय काले खां स्टेशन को दिल्ली के सबसे व्यस्त परिवहन केंद्रों से सीधे जोड़ा गया है। यह हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड से निर्बाध रूप से जोड़ दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए यहां 280 मीटर लंबा फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाया गया है, जिसमें छह ट्रैवलेटर लगाए गए हैं। इसके अलावा, यहां पहली बार स्काईवॉक बनाया गया है जो आसपास के सभी परिवहन माध्यमों को जोड़ता है। स्टेशन पर यात्रियों की पार्किंग की भी बड़ी व्यवस्था की गई है। यहां 275 कारों और 900 दोपहिया वाहनों को खड़ा करने की क्षमता है। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किए गए हैं। एलिवेटेड स्टेशन के नीचे एक बड़ा ड्रॉप-ऑफ और पिक-अप जोन बनाया जा रहा है, जहां एक साथ 40 से ज्यादा वाहन खड़े हो सकते हैं। इसके अतिरिक्त, यहां 15 से ज्यादा बसों की क्षमता वाला सिटी बस इंटरचेंज भी विकसित किया जा रहा है।
जल्द शुरू हो सकता है ट्रेनों का परिचालन
मौजूदा समय में नमो भारत ट्रेनें राजधानी के न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक 55 किमी के खंड पर परिचालित हैं। काॅरिडोर के अपरिचालित खंड में दिल्ली में सराय काले खां और न्यू अशोक नगर के बीच 4.5 किमी का हिस्सा एवं मेरठ में मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच करीब 23 किमी का हिस्सा शामिल है। सूत्रों का कहना है कि कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सराय काले खां से नमो भारत ट्रेन को भी जल्द हरी झंडी दिखा सकते हैं। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) को इसके लिए मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) से लगभग सभी आवश्यक एनओसी मिल चुकी हैं।