राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और स्वदेशी जागरण मंच ने राम मंदिर पर कानून लाने की मांग लेकर शनिवार को दिल्ली से दस दिन की संकल्प रथ यात्रा शुरु की। हालांकि आरएसएस के झंडेवालन स्थित दफ्तर से निकली इस यात्रा की शुरुआत फीकी रही।
मंदिर निर्माण केलिए सरकार पर दबाव बनाने और मुद्दो के गरमाने के मकसद से निकाली गई इस रथ यात्रा में बामुश्किल सौ लोग जुटे। लेकिन आरएसएस का मानना है कि जैसे-जैसे यात्रा आगे बढेगी लोग जुटते जाएंगे।
यह यात्रा 11 दिसंबर को खत्म होगी। यात्रा दिल्ली के कई इलाकों में आरएसएस की अलग अलग इकाइयों में जाकर जनसमर्थन जुटाएगी। इस बीच 9 दिसंबर को स्वदेशी जागरण मंच रामलीला मैदान में बड़ी रैली कराने जा रहा है।
गौरतलब है कि 11 दिसंबर को ही शुरू होने वाले संसद के शीत कालीन सत्र में राम मंदिर का मुद्दा गरमाए रखने के लिए संघ की सभी घटक इकाइयां अपने स्तर पर काम कर रही हैं।
जनवरी में सुप्रीम कोर्ट की इस मामले पर होने वाली सुनवाई से पहले संघ राम मंदिर मुद्दे पर ठोस कदम उठाने की मंशा से अयोध्या समेत पूरे देश में कई कार्यक्रम कराने जा रहा है। उधर विश्व हिंदु परिषद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी से भी समर्थन मांगेगा।