संदीप कुमार को कोर्ट से ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला/एएनआई
दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री संदीप कुमार ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पेशी के लिए जेल से कोर्ट आने-जाने के दौरान सेपरेट वैन की मांग की है। संदीप ने अपनी अर्जी में कहा है कि जेल वैन से आने-जाने में उसे दूसरी राजनीतिक पार्टियों के समर्थकों से जान का खतरा है।
पुलिस ने संदीप को सेक्स सीडी खुलासे के बाद दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया था। उस पर अपने पद के दुरुपयोग करने का भी आरोप है। संदीप पर दुष्कर्म व भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं। तीस हजारी स्थित विशेष न्यायाधीश पूनम चौधरी के समक्ष संदीप की अर्जी पर मंगलवार को सुनवाई होगी।
संदीप को मंगलवार को न्यायिक हिरासत से कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा। संदीप कुमार की ओर से अर्जी दायर करने वाले वकील प्रदीप राणा का दावा है कि उनके मुवक्किल के खिलाफ मुकदमा राजनीति से प्रेरित है और जेल वैन में आपराधिक तत्व उसे नुकसान पहुंचा सकते हैं।