मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित एयरपोर्ट मेट्रो होटल में मोस्टवांटेड गैंगस्टर संदीप गाड़ौली के एनकाउंटर का मामला उलझता जा रहा है।
गुड़गांव से मुंबई गए संदीप के बड़े भाई कुलदीप ने गैंगस्टर बिंदर गुर्जर और पुलिस आयुक्त नवदीप सिंह विर्क सहित पांच पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुंबई पुलिस को शिकायत दी है।
बताया गया है कि शव का पोस्टमार्टम हो चुका है। दो गोली लगने से उसकी मौत हुई। पहली गोली उसके सीने में लगी है, जबकि दूसरी पैर में।
कुलदीप का आरोप है कि उसके भाई की हत्या में गैंगस्टर बिंदर गुर्जर, एसआई प्रद्युम्न, परमजीत, विक्रम, एसीपी राजेश गुर्जर और पुलिस आयुक्त नवदीप सिंह विर्क शामिल हैं।
परिजनों ने मानवाधिकार आयोग और गृह मंत्रालय से भी शिकायत की है। इसमें पुलिस हिरासत में हत्या का आरोप लगाया गया है। अंधेरी पुलिस की ओर से होटल प्रबंधन व कर्मचारियों का बयान लेने के साथ ही मुठभेड़ में शामिल सभी आठ पुलिसकर्मियों का बयान लिया जा चुका है।
जिस होटल में संदीप गाड़ौली ठहरा था, उसकी सीसीटीवी फुटेज मुंबई पुलिस की जांच के लिए महत्वपूर्ण है। मुंबई पुलिस को बैलेस्टिक रिपोर्ट का इंतजार है।
बताया गया है कि परिजनों ने गाड़ौली का शव लेने से इनकार कर दिया है। मुंबई पुलिस के डीसीपी (डिटेक्शन) धनंजय कुलकर्णी ने अमर उजाला को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
संदीप के साथ रूसी महिला भी थी
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि दो मंजिला होटल के पहले तल पर संदीप ठहरा था। उसके कमरे में उसकी एक रूसी महिला दोस्त भी थी।
पुलिस ने जिन बदमाशों को गिरफ्तार किया, वे ऊपर के कमरे में ठहरे थे। शुक्रवार सुबह संदीप अपने दो दोस्त और तीन महिलाओं के साथ गुड़गांव से मुंबई के लिए निकला था। शनिवार रात वह होटल पहुंचा था।