चोरों ने सोमवार देर रात सेक्टर-4 स्थित दिगंबर जैन मंदिर को निशाना बनाया। चोर मंदिर से छतर, भाव मंडल, चांदी की प्लेट व गुल्लक तोड़कर हजारों रुपये ले गए।
बदमाशों ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में करीब एक घंटे में इस वारदात को अंजाम दिया। उनकी यह हरकत मंदिर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। थाना सेक्टर-5 पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिगंबर जैन मंदिर के अध्यक्ष ऋषभ जैन व महामंत्री उत्तम चंद जैन ने बताया कि चोरों ने पहले मंदिर में लगे शटर को उखाड़ा और उसके बाद ग्रिल में लगे ताले को तोड़कर अंदर घुस आए।
चोर मंदिर से चांदी के 9 छतर, चांदी के 3 भाव मंडल, चांदी की प्लेट और करीब 25 हजार रुपये ले गए। चोरी किए गए छतर और भावमंडल लगभग ढाई किलो चांदी के थे।
इसमें से कुछ पर सोने की पॉलिश थी और मोती जड़े थे। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि चोरों ने रात करीब 2:00 बजे मंदिर में प्रवेश किया और करीब एक घंटा रुके।
बता दें कि गत अक्तूबर में भी चोरों ने मंदिर में चोरी करने की कोशिश की थी। उस समय चोर मंदिर के मुख्य द्वार का ताला व कुंडा ही तोड़ पाए थे, लेकिन मंदिर में प्रवेश नहीं कर सके थे।
जैन समाज ने अपील की है कि पुलिस प्रशासन चोरों को जल्द से जल्द पकड़े, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न हो। जैन समाज के प्रवक्ता अभय जैन ने कहा कि घटना को लेकर समस्त जैन समाज में रोष है।