कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा न्यूज एजेंसी के रिपोर्टर के साथ बदसलूकी के बाद भले कांग्रेस उनके बचाव में उतर गई हो, पर भीतर ही भीतर उनके विरोध में सुर उठने लगे हैं। इसी बीच सोनिया गांधी ने वाड्रा से मुलाकात कर मामले की पूरी जानकारी ली है।
एक अंग्रेजी अखबार की मानें तो पार्टी के कई वरिष्ठ नेता वाड्रा के व्यवहार की आलोचना कर रहे हैं। भले खुले तौर पर लोग अपनी बात न कह रहे हो पर पार्टी के भीतर वाड्रा के व्यवहार को लेकर काफी चर्चाएं चल रही हैं। इसी बीच एक दिग्गज कांग्रेसी नेता ने सामने आकर वाड्रा के व्यवहार को गलत ठहराया है।
उधर, विपक्षी दल ने भी वाड्रा पर हमले तेज कर दिए हैं। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि अगर वाड्रा के खिलाफ कोई शिकायत आती है, तो उस पर कार्रवाई जरूर की जाएगी। वहीं बॉडकास्ट एडिटर्स एसोसिएशन ने वाड्रा के व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए उनके खिलाफ शिकायत करने का मन भी बना लिया है। साथ ही सोमवार को हरियाणा विधानसभा में भी वाड्रा लैंड डील मामले पर चर्चा होने की संभावना है।