नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में एनएसयूआई के सत्याग्रह लोकतंत्र बचाओ, डीयू बचाओ अभियान के तहत आर्ट्स फैकल्टी के बाहर भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से बृहस्पतिवार को रचनात्मक कांग्रेस के अध्यक्ष संदीप दीक्षित ने मुलाकात कर आंदोलन को समर्थन दिया। डूसू उपाध्यक्ष राहुल झांसला भी सत्याग्रह में शामिल हैं।
यह आंदोलन विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जंतर-मंतर प्रदर्शनों को लेकर जारी एडवाइजरी व आधिकारिक एक्स पोस्ट के विरोध में शुरू किया गया है। छात्रों का आरोप है कि प्रशासन सरकार के दबाव में काम कर रहा है। दीक्षित ने कहा कि डीयू की स्वायत्तता पर हमला देश में सार्वजनिक शिक्षा पर बढ़ते दबाव का हिस्सा है और हर जगह छात्रों की आवाज दबाने व शैक्षणिक संस्थानों के राजनीतिकरण की कोशिश हो रही है।
झांसला ने धरना स्थल को डीयू का जंतर-मंतर बताया। मांगों में कुलपति से सार्वजनिक माफी व विवादित पोस्ट हटाने, डूसू में महिलाओं के लिए आरक्षित पद, पीएचडी प्रवेश में पारदर्शिता, परिषदों में छात्र प्रतिनिधित्व, एक वर्षीय पीजी में सीटें बढ़ाने व योग्य शिक्षकों की नियुक्ति शामिल हैं। ब्यूरो