भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता गौरव भाटिया के साथ मारपीट के मामले में जेल में बंद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग भदौरिया रविवार दोपहर नोएडा की लुक्सर जेल से रिहा हो गए।
नगर मजिस्ट्रेट शैलेन्द्र मिश्रा ने सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया को जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। जमानत के कागज लेकर सपा के नेता ग्रेटर नोएडा स्थित लुक्सर जेल पहुंचे। इन लोगों ने जेल प्रशासन को जमानत के कागज उपलब्ध कराएं। उसके बाद रविवार दोपहर अनुराग भदौरिया जेल से बाहर निकले।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सुरेंद्र सिंह नागर ने पीटीआई भाषा से कहा कि सेक्टर 16 ए स्थित चैनल में बहस के दौरान शनिवार को भाजपा प्रवक्ता ने सपा प्रवक्ता के ऊपर हमला किया था।
लेकिन सत्ता के दबाव में भाजपा प्रवक्ता के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई जबकि समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर आनन-फानन में देर रात जेल भेज दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग इस मामले को सड़क से लेकर संसद तक उठाएंगे।