लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने सरकार से सवाल पूछे। उन्होंने पूछा कि क्या यह बिल आगामी चुनाव में लागू होगा या नहीं? उन्होंने जातीय जनगणना को लेकर भी सवाल पूछा कि यह कब होगी।
डिंपल यादव ने सदन में कहा कि सपा की हमेशा से मांग रही है कि पिछड़ा वर्ग महिला, अल्पसंख्यक महिला को नारी शक्ति वंदन अधिनियम में शामिल किया जाए और इसमें उनको आरक्षण दिया जाए। लोकसभा और विधानसभा में यह महिला आरक्षण बिल तो लागू होगा लेकिन हम पूछना चाह रहे हैं कि राज्यसभा और विधान परिषद में लागू होगा कि नहीं? आने वाले चुनाव में यह लागू हो पाएगा कि नहीं।
उन्होंने पूछा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में यह लागू हो पाएगा की नहीं? सवाल ये भी है कि जनगणना कब होगा और परिसीमन कब होगा? सरकार जातीय जनगणना और परिसीमन की तारीख बताए। उन्होंने कहा कि कमजोर वर्ग की महिलाओं को भी आरक्षण मिले।
अल्पसंख्यक महिलाओं को भी आरक्षण मिलना चाहिए। सभी वर्गों की महिलाओं को शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि एससी-एसटी और ओबीसी की महिलाओं को आरक्षण मिलना चाहिए। सरकार को एक दशक के बाद महिलाओं की याद आई है। सरकार महिलाओं को उनका हक कब देगी?