अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) ने शनिवार को रन फॉर योगा और जुम्बा सेशन का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को योग, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना और नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित करना था। योग फॉर हेल्दी एजिंग थीम के तहत आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत एआईआईए परिसर से हुई। रन फॉर योगा का आयोजन एआईआईए से लेकर एनटीपीसी तक और वहां से वापस एआईआईए परिसर तक किया गया।
दौड़ के बाद एआईआईए में जुम्बा सेशन भी आयोजित किया गया। इसका संचालन प्रसिद्ध जुम्बा प्रशिक्षक मीनल पाठक ने किया। इस दौरान फिटनेस, स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली का संदेश दिया गया। इस अवसर पर एआईआईए के निदेशक प्रो. (वैद्य) प्रदीप कुमार प्रजापति ने कहा कि योग स्वस्थ और दीर्घायु जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में बढ़ रही जीवनशैली संबंधी बीमारियों के बीच योग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को संतुलित रखने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।
प्रो. प्रजापति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और मौजूदा समय में दुनियाभर में करोड़ों लोग इससे लाभ ले रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे वर्षभर अपनी दिनचर्या में शामिल करें। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से रोगों की रोकथाम के साथ स्वस्थ और संतुलित जीवन संभव है। वहीं, 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सरिता विहार स्थित संस्थान परिसर में सुबह 6:30 बजे से सामूहिक योगाभ्यास और विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।