- जिले में दो कंपनियों के माध्यम से हो रहा पीएनजी नेटवर्क का विस्तार कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गैस किल्लत के बीच जिले में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) नेटवर्क के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। घरेलू रसोई गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पिछले एक माह में 3283 से अधिक नए पीएनजी पाइपलाइन कनेक्शन लगाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 75 हजार से अधिक घरों तक गैस लाइन पहुंचाई जा चुकी है।
जिले में पीएनजी नेटवर्क विस्तार और घरेलू कनेक्शन देने का कार्य दो गैस वितरण कंपनियों के माध्यम से किया जा रहा है। कंपनियां लगातार नई कॉलोनियों, सेक्टरों और आवासीय क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने और उपभोक्ताओं को कनेक्शन उपलब्ध कराने का काम कर रही हैं।
आंकड़ों के अनुसार मई में 3283 घरों में गैस मीटर स्थापित किए गए। वहीं 2966 उपभोक्ताओं को अंतिम रूप से गैस कनेक्शन प्रदान कर सेवा शुरू की गई। वर्ष 2026 में मई तक जिले में कुल 93,644 घरों को फाइनल पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इसके अलावा हजारों अन्य घरों तक गैस पाइपलाइन पहुंचाने का कार्य प्रगति पर है।
पश्चिम एशिया क्षेत्र में चल रहे संघर्ष और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव का असर ऊर्जा क्षेत्र पर भी देखा जा रहा है। ऐसे में घरेलू स्तर पर मजबूत गैस वितरण नेटवर्क तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
वर्जन
घरेलू गैस कनेक्शनों में देरी के बीच जिले में पीएनजी नेटवर्क का विस्तार तेज किया गया है। मई में 3,283 से अधिक नए पीएनजी कनेक्शन दिए गए हैं।
केके गोयल, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएसओ), गुरुग्राम