दिल्ली के करावल नगर में मंगलवार सुबह लव जिहाद की अफवाह पर बवाल हो गया। दरअसल, स्थानीय दो युवक नौवीं की दो छात्राओं को अपने घर ले आए। स्कूल यूनिफॉर्म में लड़कियों को देखकर लोग भड़क गए।
भीड़ ने दोनों आरोपियों सुनील (23) और आमिर (22) को घर से निकालकर पीटना शुरू कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। देर से पहुंचने और आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। लोगों ने दो बाइक जला दी और पुलिस की जिप्सी तोड़ दी।
बवाल को देखते हुए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। हंगामे में करावल नगर एसएचओ जासोद सिंह मेहता, एसआई मनोज, एएसआई योगेश त्यागी, हवलदार प्रमोद और सिपाही राजेंद्र घायल हो गए।
प्राथमिक उपचार के बाद पुलिसवालों को छुट्टी दे दी गई है जबकि सुनील का इलाज चल रहा है। पुलिस ने बलवा, सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।