पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले और संगठनों की धमकी को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर यात्रियों और आमजन से सहयोग मांगा है।
रेलवे ट्रैक, फाटक, स्टेशन अथवा प्लेटफॉर्मों पर संदिग्ध वस्तुओं के दिखाई देने या अन्य कोई बात होने पर तत्काल फोन कर सूचना दे सकते हैं।
ज्ञात हो कि पिछले दिनों पठानकोट एयरबेस पर आतंकी हमला हुआ है। खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली एनसीआर में दो आतंकियों के घुसे होने की आशंका जताई है। इसे देखते हुए तमाम सुरक्षा एजेंसियां चौकस हो गई हैं।
स्टेशनों पर संदिग्ध लोगों की जांच भी की जा रही है। आरपीएफ इस बाबत फरीदाबाद सेक्शन के सभी फाटकों और स्टेशनों पर एक बोर्ड लगवा रहा है, जिसमें हेल्पलाइन नंबर समेत प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ और थाने के नंबर दिए गए हैं।
आरपीएफ प्रभारी मुकेश कुमार का कहना है कि बोर्ड में हेल्पलाइन नंबर 182, मोबाइल नंबर 9717631763 और थाने का फोन नंबर 0129-2412500 अंकित कराया गया है।
उन्होंने बताया कि सूचना देने वालों के नाम और पता गुप्त रखे जाएंगे। उन्होंने महिला यात्रियों से भी अपील की है कि वह किसी प्रकार की असुविधा होने पर सूचना देकर मदद ले सकती हैं। प्रभारी ने सूचना देने के लिए लोगों से सहयोग करने की अपील की है।