ओल्ड फरीदाबाद के सिविल अस्पताल अर्बन हेल्थ सेंटर के स्त्री रोग विशेषज्ञ के कमरे में पुरुष डॉक्टर भी बैठ रहे हैं।
जिसकी वजह से महिलाओं को अपने रोग बताने में दिक्कत होती है। संकोच के कारण वह अपनी बात नहीं बता पातीं। इस मुद्दे को लेकर इनेलो नेता विकास चौधरी अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे।
उन्होंने यहां तैनात डॉ. पंकज धर व स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. गुंजन से बात करके महिलाओं की समस्याएं अलग कक्ष में सुनने की मांग की। इस पर डाक्टरों ने कहा कि उन्हें सीएमओ के आदेश पर यहां बैठाया गया है। लोगों का कहना था कि इस बाबत वह कई बार वरिष्ठ डाक्टरों को शिकायत दे चुके हैं लेकिन व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया।
यहां इलाज के नाम पर वरिष्ठ नागरिकों को भी दवाईयां समय पर उपलब्ध नहीं करवाई जातीं। इस मौके पर अवतार सिंह, पंकज वशिष्ठ, हंसराज, नितेश कुमार, रोहताश प्रधान, विनोद, लक्ष्मण गोयल, प्रमोद बंसल, सोनू मलिक, अमित चंदीला एवं युद्धवीर सहित कई लोग मौजूद रहे।