वारदातों के लिए जमा करके रख हुए थे हथियार
- 3 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, एक देसी पिस्तौल और 21 कारतूस बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने हथियारों के जखीरा के साथ गैंगस्टर रोहित चौधरी के गुर्गे प्रदीप गुलाटी उर्फ पारस को गिरफ्तार किया है। इसके पास से 3 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, एक देसी पिस्तौल और 21 कारतूस बरामद किए गए हैं। पारस ने ये हथियार गैंग के सदस्यों द्वारा जघन्य अपराधों को अंजाम देने के लिए अपने घर में छिपा कर रखे थे।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने बताया कि ये गिरोह जबरन वसूली, अवैध हथियारों की आपूर्ति और हिंसक अपराधों में शामिल था। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि रोहित चौधरी गैंग का सक्रिय सदस्य अरविंद गुप्ता उर्फ डिसिल्वा अवैध हथियारों की आपूर्ति करने और अपहरण व जबरन वसूली जैसे गंभीर अपराधों की साजिश में शामिल रहा है। आगे मिली खुफिया जानकारी से पता चला कि उसका एक साथी कालकाजी, दिल्ली निवासी प्रदीप गुलाटी उर्फ पारस (34) ने अवैध हथियार अपने पास छिपाकर रख रहा था। एसीपी गिरीश कौशिश, इंस्पेक्टर संदीप स्वामी, एसआई्र प्रदीप ढुल, सुखविंदर सिंह व रवि राणा की टीम ने पूरी सटीकता के साथ 26 मार्च को ऑपरेशन को अंजाम दिया और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।