दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम के रुझानों में दोपहर होते ही एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के विजेंद्र गुप्ता 'आप' के राजेश नामा से आगे निकल गए हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, विजेंद्र गुप्ता 'आप' उम्मीदवार से 9381 वोटों से आगे चल रहे हैं। जबकि कांग्रेस उम्मीदवार सुमेश गुप्ता इस सीट पर बुरी तरह से हार रहे हैं।
रोहिणी विधानसभा सीट पर सुबह आठ बजे जैसे ही वोटों की गिनती शुरू हुई भाजपा के विजेंद्र गुप्ता बढ़त बनाए हुए थे। विजेंद्र गुप्ता इस सीट पर आम आदमी पार्टी के राजेश नामा से आगे चल रहे थे लेकिन जैसे ही साढ़े दस बजे और स्पष्ट रुझान आने लगे विजेंद्र गुप्ता आम आदमी पार्टी के राजेश नामा से पिछड़ने लगे। जबकि, इस सीट पर कांग्रेस के सुमेश गुप्ता काफी पिछड़ गए हैं। सुमेश गुप्ता को अभी तक सिर्फ 302 वोट मिले हैं। राजेश नामा बंसीवाला, इस सीट पर विजेंद्र गुप्ता और सुमेश गुप्ता दोनों से आगे चल रहे हैं।
रोहिणी विधानसभा सीट उत्तर पश्चिम दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आती है। आठ फरवरी को हुए चुनाव में इस सीट पर 63.02 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। साल 2015 में इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी से विजेंद्र गुप्ता जीते थे। जबकि इस बार उनकी यह सीट खतरे में दिखाई दे रही है।
गौरतलब है कि साल 2015 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की 70 सीटों में 67 सीटें जीतीं थी। भारतीय जनता पार्टी के खाते में सिर्फ तीन सीटें आई थी। वहीं, कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी। इस बार भी कांग्रेस की परफोर्मेंस बेहद खराब दिखाई दे रही है और दिल्ली के लगभग हर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार बहुत पिछड़ गए हैं।