न्यू उस्मानपुर इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी सवार युवती से फोन झपटने के दौरान उस पर हमला कर दिया। युवती के विरोध करने पर बदमाशों ने युवती को थप्पड़ मारकर गिरा दिया। उसके बाद बाल पकड़कर उसे घसीटने लगे।
घायल होने के बावजूद युवती ने एक बदमाश को दबोच लिया। राहगीरों को आते देख दो बदमाश बाइक को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसकी बाइक भी जब्त कर ली है। पुलिस अधिकारियों ने युवती को सम्मानित करने का फैसला किया है।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाश की पहचान अजहर (22) के रूप में हुई है। पीड़िता यति शर्मा (23) सपरिवार क्रांति नगर में रहती है। बुधवार को न्यू उस्मानपुर स्थित रामलीला ग्राउंड में भरत मिलाप और राजतिलक मंचन था। यति अपनी सहेली शोभा के साथ रामलीला देखने गई थी। दोनों वहां से रात सवा दस बजे घर जा रही थी।
न्यू उस्मानपुर थाने के पास बाइक सवार तीन बदमाश उनके पास आए और एक बदमाश ने यति क गाल पर थप्पड़ मारा। हमले से यति व उसकी सहेली स्कूटी समेत गिर गई। बदमाश यति के हाथ से मोबाइल फोन छीनने की कोशिश करने लगा। मोबाइल नहीं छोड़ने पर बदमाश उसे बाल पकड़कर काफी दूर तक घसीटा।
यति फोन को अपनी सहेली को देकर बदमाश पर टूट पड़ी और एक बदमाश को दबोच लिया। उधर शोभा बदमाशों की बाइक की चाबी निकाल ली। शोर होने पर दो बदमाश भाग गए। जिला पुलिस उपायुक्त वेद प्रकाश सूर्या ने बताया कि यति ने बहादुरी का काम किया है। पुलिस उसे सम्मानित करेगी।