फरीदाबाद में शादी में शामिल होने गए परिवार की खुशियां घर लौटते ही खत्म हो गईं। चोरों ने घर का सारा सामान उलट पलट कर आठ लाख रुपये नगद और करीब दो लाख रुपये कीमत के जेवर पार कर दिए। चोरों ने दो अन्य घटनाओं में एक घर से करीब एक लाख की संपत्ति और दूसरे घर से हजारों रुपये पार किए। पीड़ित परिवारों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने इलाके के संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है।
सेहतपुर बाजार में मोबाइल दुकान के मालिक धर्मबीर का घर तिलपत गांव में सीमा पर है। बृहस्पतिवार शाम एक शादी समारोह में शरामल होने के लिए वह परिवार के साथ करीब आठ बजे घर से गुड़गांव रवाना हुए थे। रात ढाई बजे वापस पहुंचे। चारदीवारी के गेट का ताला खोल कर अंदर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। घर का हर कमरा खुला हुआ था और सामान बिखरा हुआ था। अलमारियों में रखी नगदी और जेवर सब गायब थे। धर्मबीर के मुताबिक चोर आठ लाख रुपये नगद और दो लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर ले गए। एसएचओ सराय ख्वाजा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दो तीन संदिग्धों से पूछताछ भी की गई है।
चोरी की दूसरी घटना डबुआ कॉलोनी निवासी राज किशोर के यहां हुई। बृहस्पतिवार की रात वह खाना खाने के बाद परिवार के साथ सो रहे थे। रात किसी समय घर में घुसे चोर अलमारी में रखे पंद्रह हजार रुपये और मेज पर रखा मोबाइल चुरा ले गए। एसएचओ सारन ने बताया कि चोरों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
तीसरी घटना सेक्टर-18 निवासी रमेश चंद्र के यहां हुई। वह एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शरामल होने 28 नवंबर की रात परिवार के साथ निकले थे। 02 दिसंबर को पड़ोसियों ने उन्हें फोन पर घर खुला होने की सूचना दी। घर पहुंच कर उन्होंने बताया कि चोर करीब एक लाख रुपये कीमत की ज्वेलरी, एलईडी टीवी आदि चोरी कर ले गए। एसएचओ ओल्ड ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।