दक्षिण दिल्ली की पॉश डिफेंस कॉलोनी स्थित आनंद लोक इलाके में बुजुर्ग व उनकी पोती को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले बदमाशों का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लगा है। जांच में पुलिस को पता लगा है कि बदमाश ईको कार में आए थे।
उन्होंने कार को कॉलोनी के बाहर ही छोड़ दिया था। वे सिर्फ सोने की जूलरी ले गए हैं। जांच में ये बात भी सामने आई है कि बदमाश पीड़ित परिवार के घर में करीब 40 मिनट तक रहे। उनका सुराग लगाने के लिए दक्षिण जिले के स्पेशल स्टाफ व वाहन चोरी निरोधक दस्ते समेत 6 से ज्यादा टीमें जांच में लगी हुई हैं।
पीड़ित परिवार ने रविवार शाम तक पुलिस को ये नहीं बताया कि बदमाश कितने करोड़ रुपये की जूलरी लूटकर ले गए हैं। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आनंदलोक में स्थित बैंक के सीसीटीवी कैमरों से पता लगा है कि बदमाश मारुति ईको कार में आए थे। वे कॉलोनी के बाहर ही कार से उतर गए और दीवार फांदकर खाली पड़ी कोठी में घुसे। वहां से फिर सर्विस रोड पर निकले।
यहां से वह पीड़ित परिवार की कोठी नंबर 29 में घुसे थे। एक बदमाश दीवार फांदकर कोठी के अंदर घुस गया और उसने अंदर से गेट की कुंडी तोड़ दी थी। इसके बाद उसने मेन गेट खोल दिया। वह खिड़की की जाली हटाकर कोठी के अंदर घुसे थे। कार कॉलोनी के बाहर रुकी नहीं, बल्कि घूमती रही।