ग्रेटर नोएडा के दादरी जीटी रोड से दो दिन पहले सरिया से लदे ट्रक को लूटने के बाद पुलिस ने तिलपता कंटेनर के पास से बरामद कर लिया है। पुलिस ने ट्रक में भरा सारा सरिया समेत बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे और सेंट्रो कार भी बरामद की है।
लूटपाट के इस गुडवर्क को लेकर दादरी और सूरजपुर पुलिस में नोकझोंक भी हो गई और मामले ने तूल पकड़ा तो एसपी के समक्ष शिकायत पहुंची। हालांकि एसपी ने दोनों को समझाया और संयुक्त उपलब्धि की बात कही।
एसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि बीते नौ नवंबर को अलीगढ़ निवासी सुरेश सरिया से भरे ट्रक को लेकर अलीगढ़ से दिल्ली के लिए चला था।
जब वह दादरी क्षेत्र के चिटहरा गांव के पास पहुंचा तो उसी समय सेंट्रो कार सवार चार बदमाशों ने ट्रक को ओवरटेक करके रोक लिया और तमंचों के बल पर चालक को बंधक बनाकर अपनी सेंट्रो कार में डालकर ले गए, जबकि दो बदमाश ट्रक को चलाकर ले गए। सेंट्रो सवार बदमाशों ने तमंचा के बल पर उसे डराया और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी।
बदमाशों ने चालक के हाथ और पैर बांध दिए तथा उसे पाली गांव के पास फेंककर फरार हो गए। इस घटना की जानकारी सूरजपुर पुलिस को भी मिली तो उनकी ओर से भी जांच पड़ताल की गई। दादरी और सूरजपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सरिया से भरा लूटा गया ट्रक कंटेनर डिपो के आसपास खड़ा मिला।
सोमवार शाम को पुलिस ने एक स्थान पर ट्रक खड़ा देख लिया लेकिन एक योजना बनाई कि बदमाशों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जाए। मंगलवार तड़के सेंट्रो में सवार बदमाश ट्रक लेने आए थे लेकिन आसपास वे पुलिस का खतरा भाप गए और वापस दौड़ने लगे।
पुलिस ने पीछा किया और रेलवे फाटक पर चारों को दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि उनकी पहचान बदायूं निवासी विजय, खुर्जा निवासी आरिफ, खुर्जा निवासी साहिद और अनूपशहर निवासी वसीम के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि यह सभी लोग दादरी के गगन विहार में रहते हैं।
पुलिस में हुई नोकझोक
दादरी में लूटे ट्रक को बरामद करने में काफी भूमिका सूरजपुर पुलिस की थी, जिसे लेकर सूरजपुर पुलिस ने कहा कि उसकी लिखा पढ़ी वहीं करेंगे। इस बात को लेकर दादरी पुलिस बिफर गई और कहा कि बदमाशों को उन्हें दे दिया जाए, ताकि उसकी लिखा पढ़ी वे कर सकें, लेकिन सूरजपुर पुलिस ने बदमाशों को दादरी को नहीं दिया। इस मामले ने तूल पकड़ा और एसपी के समक्ष पहुंचा। उन्होंने मामले को शांत करते हुए दोनों को श्रेय लेने की बात कही।