गुड़गांव के सेक्टर-40 थाना एरिया में मंगलवार को ग्रीन बेल्ट में युवक का शव मफलर से फांसी का फंदा बनाकर लटका हुआ मिला। सूचना के बाद पुलिस के अलावा एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई।
जांच में सामने आया है कि घरेलू कलह के चलते युवक ने यहां आकर सुइसाइड कर लिया। देर शाम पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मंगलवार सुबह 11.30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-29 हुडा जिमखाना क्लब के सामने ग्रीन बेल्ट पर किसी युवक का शव पेड़ से लटका हुआ है। सूचना के बाद सेक्टर-40 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। युवक का शव मफलर से बनाए गए फंदे पर लटका हुआ मिला।
पुलिस जांच में सामने आया कि यूपी कन्नौज निवासी धर्मेंद्र सिंह (33) अपने बीवी और तीन बच्चों के साथ सैनीखेड़ा में पिछले छह सालों से रह रहा था। पेशे से चालक का काम करने वाला धर्मेंद्र शराबी किस्म का था। इसी बात को लेकर काफी समय से पति-पत्नी के बीच झगड़ा चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात को दोनों के बीच झगड़ा होने के बाद मंगलवार को सुबह साढ़े दस बजे वह घर से निकला और मफलर का फंदा बनाकर पेड़ से लटक गया। मृतक के पास से कोई सुइसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। सेक्टर-40 थाना पुलिस के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया।