संविदाकर्मियों को नियमित करने, वेतन बढ़ाने और बकाया भत्तों के भुगतान की मांग, एआरएम के प्रतिनिधि को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तर प्रदेश की दिल्ली शाखा ने शुक्रवार को कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर दोपहर 12 से तीन बजे तक शांतिपूर्ण धरना दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) के प्रतिनिधि को मांगों का ज्ञापन सौंपा।
परिषद ने संविदा चालकों और परिचालकों का वेतन बढ़ाने, आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए काम के नियम तय करने और लंबे समय से कार्यरत संविदाकर्मियों को नियमित करने की मांग की। साथ ही चिकित्सा सुविधा देने, ईपीएफ कटौती की सीमा खत्म करने और पुलिस चालान की रकम चालकों के वेतन से काटने पर रोक लगाने की मांग उठाई।
संगठन ने कम डीजल औसत और कम कमाई के नाम पर वेतन से होने वाली कटौती बंद करने तथा दस साल से अधिक समय तक काम करने वाले संविदा कर्मचारियों को 60 साल की उम्र में सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त राशि देने की मांग भी की।
परिषद ने रोडवेज के निर्धारित मार्गों पर अवैध निजी बसों के संचालन और बस अड्डों के एक किलोमीटर के दायरे में निजी वाहनों पर रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा जुलाई 2025 की तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता किस्त समेत बकाया भुगतान, सातवें वेतनमान का एरियर, ग्रेच्युटी सीमा 25 लाख रुपये करने, खाली पदों पर नियमित भर्ती और कार्यशालाओं को ठेके पर देने की व्यवस्था खत्म करने की मांग की।