रोडवेज की एसी सिटी बस में दोपहर को शॉर्ट-सर्किट से लगी आग से महावीर चौक पर अफरा-तफरी मच गई। बस बीच सड़क पर बंद हो गई। बस में आग लगने से महावीर चौक पर लंबा जाम लग गया। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने करीब 20 मिनट के बाद आग पर काबू पा लिया। जाम लगने के बाद मौके पर ट्रैफिक पुलिस के जवान भी पहुंचे। आग बुझाने के बाद बस को क्रेन से डिपो में ले जाया गया।
रोडवेज की एसी सिटी बसों में शॉर्ट-सर्किट से आग की घटनाएं कई बार हो चुकी हैं। इसके बाद भी विभाग सबक नहीं ले रहा है। मंगलवार दोपहर सिटी एसी बस एचएआर 55 एस 6337 रेलवे स्टेशन के लिए निकली। इसमें चालक नरेश और परिचालक मौजूद थे। बस महावीर चौक के जैन मंदिर के पास पहुंची ही थी कि बीच सड़क में बंद हो गई। परिचालक ने उतरकर देखा तो बस के पिछले हिस्से में धुआं उठ रहा था। धुआं देख लोग बस से दूर भागने लगे। चालक नरेश ने दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दी और पास के जैन मंदिर से पानी लेकर इसे बुझाने की कोशिश की।
कुछ समय के पश्चात ही दमकल विभाग की दो गाडिय़ां पहुंच गईं। लगभग 20 में आग पर काबू पा लिया गया। उसके बाद बस को रोडवेज की क्रेन से डिपो में ले जाया गया। गनीमत है कि आग लगने के वक्त बस में कोई सवारी मौजूद नहीं थी। हादसे के बाद महावीर चौक पर लंबा जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिस के पांच जवानों ने करीब आधे घंटे में जाम खुलवा दिया।
बस में लगे अग्निशमन यंत्र में नहीं थी गैस
सूत्रों के मुताबिक, परिचालक ने आग बुझाने के लिए बस में लगे अग्निशमन यंत्र का प्रयोग करना चाहा, लेकिन उसमें गैस ही नहीं थी। इसके बाद चालक ने तत्परता दिखाते हुए डीटीसी बस से अग्निशमन यंत्र लिया, लेकिन उनमें भी गैस नहीं थी। इसके बाद मौके पर जाम में खड़ी निजी स्कूल की बस से चालक ने यंत्र लिया।
तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और यंत्र उस पर काबू पाने में नाकाम रहा। इसके बाद चालक ने पास के जैन मंदिर से पानी का पाइप लिया और आग को आगे नहीं बढ़ने दिया। करीब दस मिनट बाद दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंच गईं।
बस में आग लगने की सूचना मिली है। बस में आग शॉर्ट-सर्किट के कारण लगी। बस लगे अग्निशमन यंत्र में अगर गैस नहीं होने की बात है तो इन्हें चेक कराया जाएगा।
- दलबीर सिंह फौगाट, महाप्रबंधक रोडवेज डिपो गुरुग्राम।