फरीदाबादवासियों को अभी क्षतिग्रस्त सड़कों से निजात नहीं मिलने वाली है, क्योंकि नगर निगम अभी उनकी मरम्मत कराने को तैयार नहीं है। इसकी प्रमुख वजह पैसे न होना है। जब टैक्स की वसूली होगी तभी क्षतिग्रस्त सड़कों पर पेच वर्क कराया जाएगा।
बारिश के कारण अधिकांश सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। कई सड़कों पर एक से दो-दो फुट तक के गड्ढे बन चुके हैं। एनआईटी क्षेत्र में सड़कों की हालत सबसे ज्यादा खराब है। प्याली से हार्डवेयर चौक तक सड़कें कई जगहों से टूटी हुई हैं। यहां से डबुआ सब्जी मंडी की सड़कों का भी बुरा हाल है। सेक्टर-7 और 10 की डिवाइडिंग रोड पर भी सड़क पूरी तरह से टूट गई है।
स सड़क से लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। सेक्टर-15 के सामुदायिक भवन के सामने भी सड़क टूट गई है। बाटा से हार्डवेयर चौक की तरफ जाने वाली सड़क पूरी तरह से टूटी हुई है। भगत सिंह चौक से गांधी कॉलोनी की ओर जाने वाली सड़क का भी बुरा हाल है।
बारिश बंद होने के बाद भी इन सड़कों की मरम्मत नहीं हो पा रही है। नगर निगम के पास इतने भी पैसे नहीं हैं कि वह पेच वर्क करा सकें। निगमायुक्त सोनल गोयल ने निगम अधिकारियों के साथ पिछले दिनों बैठक कर टैक्स वसूली पर जोर दिया है। उन्हीं पैसों से शहर के सड़कों की मरम्मत होगी।