बदरपुर में रविवार दोपहर कलस्टर बस से होंडा सिटी कार छू गई। इसको लेकर कार सवार आधा दर्जन युवकों ने हॉकी-डंडों से पीट-पीटकर बस चालक को अधमरा कर दिया। वह लोगों से मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। हाथों और पैरों में फ्रैक्चर हो जाने के बाद पीड़ित धीरेंद्र (36) को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है, बाकी युवक भागने में कामयाब हो गए। वारदात जैतपुर मोड़ के पास करीब 3.30 बजे हुई। धीरेंद्र कलस्टर बस लेकर जा रहा था। इसी बीच उसकी बस से होंडा सिटी कार हल्की छू गई। कार सवार आधा दर्जन युवकों ने कार रोकर बस चालक को उतार लिया।
चालक कार सवारों से कार ठीक कराने की बात कर माफी भी मांगता रहा। लेकिन, आरोपियों ने धीरेंद्र की एक नहीं सुनी और उस पर डंडों और हॉकी से हमला कर दिया। आरोपियों ने पीट-पीटकर धीरेंद्र के हाथ-पांव तोड़ दिए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके से तीन लोगों को दबोच लिया, बाकी आरोपी फरार हो गए।