साइबर सिटी में मंगलवार को इस सर्दी की पहली धुंध देखी गई। दृश्यता कम होने व अन्य कारणों से दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर तीन अलग-अलग हादसों में 9 वाहन भिड़ गए। हादसे में 6 लोगों को गंभीर चोटें आईं। घायलों में ज्यादातर विभिन्न कंपनियों में ड्यूटी के लिए गुरुग्राम आ रहे थे। सूचना के बाद यातायात पुलिस और सेक्टर-40 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाया। हादसों के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ।
पहला हादसा दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर स्टार मॉल के सामने हुआ। मंगलवार सुबह धुंध की वजह से कार चालक ने अपने आगे चल रही कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद पीछे अनियंत्रित हुई एक के बाद एक कार ने एक दूसरे को टक्कर मारी। इनमें चारों टैक्सी थीं। गाड़ियों में बैठे कर्मचारियों को चोटें आईं। वहीं सेक्टर-31 फ्लाईओवर के पास एक तेज रफ्तार कार धुंध की वजह से मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।
हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कार चालक को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, नोएडा से मां के इलाज के लिए गुरुग्राम आ रहे युवक ने धुंध की वजह से कुछ न दिखाई देने के कारण आगे चल रही दो गाड़ियों में टक्कर मार दी। जिसमें चार लोग घायल हो गए। अन्य हादसा झाड़सा चौक से आगे एग्जिट प्वॉइंट पर हुआ।
सुबह धुंध की वजह से तीन वाहन आपस में टकरा गए। हादसे के कारण इन वाहनों का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो वाहन चालकों को हल्की चोटें भी आईं। जबकि, द्वारका एक्सप्रेसवे पर दिल्ली की ओर से आ रही कार देर रात अंधेरे और धुंध के कारण डिवाइडर पर चढ़ गई। जिसमें चालक को चोटें आई हैं।