देश की राजधानी में जल्द ही चार और नए डेंटल कॉलेज (दंत महाविद्यालय) शुरू होंगे। इसके लिए दिल्ली सरकार योजना पर कार्य कर रही है। इसके साथ ही 100 दंत क्लिनिक भी शुरू किए जाएंगे।
ये कहना है स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का। मंगलवार को दिल्ली के एकमात्र एवं देश में सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग वाले मौलाना आजाद दंत चिकित्सा संस्थान में आयोजित दिल्ली स्माइल, डेंटल हेल्थ उत्सव के उद्घाटन पर मंत्री जैन ने ये घोषणा की।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार पब्लिक हेल्थ सर्विसेज को बढ़ावा देने में जुटी है। दिल्ली वालों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाने के लिए ही बजट में भी इसका खास ख्याल रखा है।
मंत्री जैन का कहना है कि चार और दंत महाविद्यालय शुरू होने के बाद सरकार के दंत चिकित्सा संस्थान की संख्या पांच हो जाएगी। उन्होंने ये भी बताया कि मौलाना आजाद दंत चिकित्सा संस्थान की स्थापना के 35 वर्ष पूरे हो चुके हैं। अभी तक इस संस्थान ने पूरे देश को हजारों दंत चिकित्सक और शोधार्थी दिए हैं।
कार्यक्रम के दौरान दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने फीता काटकर डेंटल हेल्थ उत्सव का आगाज किया। संस्थान को लेकर उन्होंने एक डाक टिकट भी जारी किया।
इस दौरान गोयल ने संस्थान की उपलब्धियों के बारे में जानकारी मिलने पर प्रबंधन, डॉक्टरों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए सराहना भी की। कार्यक्रम के दौरान हेल्दी माउथ, हेल्दी बॉडी को लेकर एक प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसके अलावा संस्थान के नौ दंत विशेषज्ञों को सम्मानित भी किया गया।