डॉक्टर ने साफ-सफाई व सूती कपड़ों की सलाह दी
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली में बारिश के साथ त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ गई हैं। अस्पतालों की त्वचा रोग ओपीडी में स्किन एलर्जी, फंगल संक्रमण, खुजली, रैशेज व दाद की शिकायत लेकर मरीज बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, पहले से एलर्जी या त्वचा रोग से पीड़ित लोगों में मानसून के दौरान परेशानी और बढ़ जाती है।
स्वामी दयानंद अस्पताल के डॉ. अजय ने बताया कि नमी व अधिक पसीना आने से त्वचा लंबे समय तक गीली रहती है, जिससे फंगल संक्रमण तेजी से फैलता है। गीले कपड़े पहनने, त्वचा न सुखाने व स्वच्छता न रखने से खतरा बढ़ जाता है। बच्चों, बुजुर्गों व मधुमेह के मरीजों में जोखिम अधिक होता है।
उन्होंने कहा कि एक्जिमा व एलर्जी के मरीजों में खुजली, लाल चकत्ते व जलन बढ़ जाती है। बिना डॉक्टर की सलाह के स्टेरॉयड क्रीम लगाने से बचना चाहिए। राहत के लिए भीगने पर तुरंत सूखे कपड़े पहनें, त्वचा को साफ-सूखा रखें, सूती कपड़े पहनें, तौलिया साझा न करें और लक्षण दिखने पर त्वचा विशेषज्ञ से संपर्क करें। समय पर इलाज से संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सकता है।