गुड़गांव में पचास गज तक के प्लॉट धारकों के लिए खुशखबरी है। नगर निगम द्वारा छोटे प्लॉट के नक्शे पर लगाया गया प्रतिबंध अब हटने वाला है। ऐसे में एक बड़ी आबादी को इसका लाभ मिलेगा।
वहीं, प्रॉपर्टी कारोबार में फिर से उछाल आने की उम्मीद है। अब तक टुकड़ों में नक्शे पर रोक के कारण कम पूंजी वाले अपना घर नहीं खरीद पा रहे थे। लेकिन प्रतिबंध हटने के बाद यह आसानी से घर का सपना पूरा कर सकते हैं।
नगर निगम के आयुक्त डॉक्टर प्रवीण कुमार का कहना है कि दिल्ली की तर्ज पर यहां जल्द ही 32 स्क्वायर मीटर तक के प्लाटों के नक्शे पास होने लगेंगे।
यह भी पढ़ें:जल्दी करें, कहीं निकल न जाए ये ऑफर
अभी नियमित कॉलोनियों में 85 स्क्वायर मीटर या इससे अधिक साइज के प्लॉटों के नक्शे ही पास करने की अनुमति है। लेकिन प्लॉटों के साइज को कम करने के लिए जल्द ही सरकार के पास प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसे नगर निगम की प्लानिंग विंग के अधिकारी तैयार कर रहे हैं।
छोटी पूंजी वालों को बड़ी राहत
आवासीय नजरिए से गुड़गांव के पॉश इलाके में घर खरीदना आसान नहीं रह गया था। ऐसे में लोग शहर के पुराने हिस्से की ओर रुख कर रहे थे। लेकिन नगर निगम की रोक से छोटे प्लॉटों के खरीदारों ने मकान लेने का इरादा ही छोड़ दिया था। छोटी पूंजी वाले तो मायूस ही हो चुके थे।
हालांकि, रोक हटाने को लेकर नगर निगम के पार्षद कई बार सदन में आवाज बुलंद कर चुके हैं। एक बार तो इसके लिए प्रस्ताव लाने का जिम्मा मेयर पर छोड़ दिया गया था। वार्ड 10 के पार्षद मंगतराम बागड़ी कहते हैं कि इन लोगों के संघर्ष का भी कोई नजीता नहीं निकल पाया। लेकिन अब मुश्किलों के दिन खत्म होने वाले हैं।