इसके अलावा ऊंची इमारतों पर शॉर्प शूटरों को भी तैनात किया गया है। हवाई हमले से बचाने के लिए इंडिया गेट के अलावा अन्य स्थानों पर राडर की भी तैनाती की गई है।
आसमान पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। एंटी एयरक्राफ्ट गनों की तैनाती की गई है। दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता मधुर वर्मा ने बताया कि राष्ट्रपति भवन से लेकर लाल किले तक करीब एक हजार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
दिल्ली केबॉर्डरों को बृहस्पतिवार रात को ही सील कर दिया गया था। पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ संयुक्त रूप से चेकिंग शुरू कर दी गई थी। वाहनों को चेकिंग केबाद ही दिल्ली में प्रवेश दिया जा रहा था।
दिल्ली में जगह-जगह पिकेट्स लगाकर चेकिंग की जा रही थी। बाजारों, मॉल्स व अन्य भीडभाड़ वाली जगहों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बरती जा रही थी। पुलिसकर्मियों की छुट्टियां पहले से ही रद्द की हुई हैं।
राजधानी की 75 हाईराइज बिल्डिंग पर शॉर्प शूटरों को तैनात किया गया है, वहीं परेड स्थल के रूट पर आने वाली बिल्डिंगों पर भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। किसी भी हवाई हमले को भांपकर उसको रोकने में रडार मदद करेगा।
परेड के समय सुबह 9.50 से 12.30 बजे तक दिल्ली के आसपास हेलिकॉप्टर से आसमान पर नजर रखी जाएगी। भूतिगत मेट्रो स्टेशन व राजपथ के आसपास मौजूद कार्यालयों को अपने संरक्षण में ले लिया गया है।
गणतंत्र दिवस समारोह के लिए राजपथ को बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे से वाहनों के लिए बंद कर दिया गया। ये पाबंदी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह खत्म होने तक जारी रहेगी।
बृहस्पतिवार रात 11 बजे से रफी मार्ग, जनपथ और मान सिंह रोड को बंद कर दिया गया। वहीं रात 2 बजे से सी हेक्सागन इंडिया गेट पर वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो जाएगा। यह प्रतिबंध परेड के खत्म होने तक जारी रहेगा।
इसके अलावा 26 जनवरी को तिलक मार्ग, बीएसजेड मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग से लेकर लालकिले आदि जगहों पर वाहनों की आवाजाही पर शाम चार बजे तक प्रतिबंध रहेगा।
परेड के समय को देखते हुए डी दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, आरसी अग्रवाल चौक, दिल्ली गेट से वाहनों की क्रासिंग हो सकती है। इसके अलावा रात 11 बजे के बाद से टी प्वाइंट साउथ एवेन्यू, त्यागराज मार्ग, के कामराज मार्ग, सुनहरी मस्जिद मौलाना आजाद रोड, मान सिंह रोड, अकबर रोड, अशोक रोड, जसवंत सिंह रोड, डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद रोड, रेड क्रास रोड, संसद मार्ग, इम्तियाज खान रोड, रकाबगंज रोड, पंडित पंत मार्ग, चर्च रोड, टी प्वाइंट से लेकर नार्थ एवेन्यू को बंद कर दिया गया।