डेयरी संचालक की हत्या उसी के घर में रहने वाले किराएदार भाइयों ने पिता की बेइज्जती का बदला लेने के लिए की थी। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए दोनो हत्यारोपियों को आला कत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि 12 दिसंबर की रात रामपार्क एक्सटेंशन कॉलोनी में डेयरी संचालक प्रताप सिंह बंसल की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। परिजनाें ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सीओ बाॅर्डर अरविंद यादव ने बताया कि डेयरी के पास ही उसके एक मकान में सहैन्सर पाल परिजनों के साथ किराए पर रह रहा है। करीब छह माह पूर्व उसका बेटा प्रदीप रेप के मामले में जेल गया था।
सहैन्सरपाल को शक था कि डेयरी संचालक के पुत्र महेन्द्र ने बेटे को जेल भिजवाया है। इस मामले में नौ दिसंबर को सहैन्सरपाल ने महेन्द्र की दुकान पर पंचायत बुलाई तथा बेटे को जेल भिजवाने पर उसे भला बुरा कहने लगा।
इस पर महेन्द्र ने सहैन्सरपाल को उसके बेटे सुबन और प्रमोद के सामने ही चांटा मार दिया। बीच बचाव कर रही उसकी पत्नी को भी धक्का दे दिया।
पिता की बेइज्जती का बदला लेने के लिए सुबन एवं प्रमोद प्रताप सिंह की हत्या कर दी। दोनों को हत्या में प्रयुक्त चौरसी के साथ गिरफ्तार किया है।