हाईवे 58 पर संडे को जाम के चलते यात्रियों की फजीहत हुई। एसपी देहात भी जाम में फंसे रहे। काफी देर तक जाम में फंसे में रहने के बाद एसपी देहात ने स्थानीय पुलिस को हड़काया।
इसके बाद जाम खुला। हालांकि उनके निकलते ही फिर से जाम लग गया। दोपहर करीब एक बजे एसपी देहात राकेश पांडे मोदीनगर की ओर आ रहे थे। जाम के कारण थाने के निकट ही उनकी कार जाम में फंस गई।
जाम नही खुलने से नाराज एसपी देहात ने थाना पुलिस को फटकार लगाई। दस मिनट के जाम खुल गया, लेकिन अधिकारी के निकलने के बाद दोबारा जाम लग गया।
जाम में फंसे यात्रियों की फजीहत हुई। रावली रोड कट से असालतनगर तक वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गईं। जाम में एंबुलेंस समेत कई वीआईपी गाड़ियां फंसी रही, लेकिन पुलिस ने जाम खुलवाने की जहमत नहीं उठाई।
जाम में फंसे वाहन दिनभर हाईवे पर रेंगते रहे। उधर, एसओ राजकुमार यादव का कहना है कि जाम का कारण हाईवे पर बने कट हैं।