नोएडा से डीएनडी के रास्ते जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम या आईएनए की तरफ जाने वाले वाहन चालकों के लिए बारापुला पर रविवार को राहत के तीन लूप खुलने वाले हैं। पहला लूप रिंग रोड पर सराय काले खां के पास खुलेगा।
इससे नोएडा और आश्रम की तरफ से आने वालों को आईएनए या जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम तक जाने के लिए करीब ढाई किमी का लंबा यू-टर्न नहीं लेना पड़ेगा। वहीं भविष्य में सराय कालेखां बस अड्डे से भी आना-जाना आसान होगा, जो नया बस अड्डा बनने के बाद काम आएगा।
लोक निर्माण विभाग अधिकारियों के अनुसार, नए लूप से वाहन चालकों का करीब 20-30 मिनट का समय बचेगा। रिंग रोड पर गुरुद्वारा बाला साहिब से सराय काले खां तक ट्रैफिक घटेगा। अभी लंबे यू टर्न में सभी वाहनों को यहां से गुजरना पड़ता है।
तीसरा लूप जंगपुरा पर खुल रहा है, जो आईएनए या जवाहर नेहरूस्टेडियम से सीजीओ कॉंप्लेक्स और प्रगति विहार या आईटीओ जाने वालों की राह आसान करेगा। आईएनए से आने वाले वाहन चालक को लाला लाजपत राय मार्ग पर उतरकर सीजीओ कॉम्प्लेक्स और प्रगति विहार जाने में आसानी होगी।
अभी लंबा चक्कर काटना पड़ता है। सराय कालेखां के पास पहले लूप पर 24 करोड़ रुपये, दूसरे लूप पर 25 करोड़ और तीसरे लूप पर 17 करोड़ रुपये का खर्च आया है। लोक निर्माण मंत्री सत्येंद्र जैन का कहना है कि बारापुला एलिवेटेड के लूप ट्रायल के लिए पहले खोले जा रहे हैं। रविवार को इसका शुभारंभ किया जाएगा।