अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में बुधवार शाम हुई झमाझम बारिश से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने मौसम सुहाना कर दिया। हालांकि, कई इलाकों में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को लंबे जाम में फंसना पड़ा। दिन में तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान रहे।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 94 प्रतिशत रही। सफदरजंग मानक केंद्र पर अगस्त में अब तक 227.2 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है, जबकि इस महीने की औसत बारिश 233.1 मिमी है। इस दौरान नौ दिन बारिश हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड, बिहार और दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। कम दबाव और अन्य मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से दिल्ली समेत उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।
दिल्ली में 20 अगस्त को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 21 से 23 अगस्त तक भी बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री के बीच रह सकता है। 24 और 25 अगस्त को बारिश की संभावना कम है, जबकि तापमान 34 से 36 डिग्री तक पहुंच सकता है।