मालदा, छपरा, गोरखपुर और रींगस से यात्रियों को मिलेगी राहत, उत्तर रेलवे ने अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए एक से चार फेरे तक संचालन का लिया फैसला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए चार विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। मालदा टाउन, छपरा, गोरखपुर और रींगस से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को इन ट्रेनों से राहत मिलेगी। इनमें एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच वाली ट्रेन के साथ अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी शामिल हैं। कुछ ट्रेनों का संचालन एक फेरे के लिए, जबकि दिल्ली-रींगस के बीच चार दिनों तक किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 03457 मालदा टाउन से 18 नवंबर को सुबह 10 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम पांच बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। रास्ते में भागलपुर, पटना, दानापुर और दिल्ली में ठहराव होगा। वापसी में ट्रेन संख्या 03458 शकूरबस्ती से 19 नवंबर को शाम 6:50 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 1:45 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी। इसमें एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।
वहीं, छपरा से आनंद विहार के लिए ट्रेन संख्या 05057 19 नवंबर को रात नौ बजे रवाना होगी। यह सिवान, थावे, गोरखपुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन शाम 4:55 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05058 आनंद विहार से 20 नवंबर को रात 8:10 बजे रवाना होगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 05051 गोरखपुर से 19 नवंबर को दोपहर 2:40 बजे दिल्ली के लिए चलेगी और अगले दिन सुबह 8:20 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05052 दिल्ली से 20 नवंबर को सुबह 11:10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। ये दोनों सेवाएं भी एक-एक फेरे के लिए चलाई जाएंगी।
अनारक्षित विशेष ट्रेनें
इसके अलावा दिल्ली सराय रोहिल्ला और रींगस के बीच अनारक्षित विशेष ट्रेनें चार दिनों तक चलेंगी। ट्रेन संख्या 04472 दिल्ली सराय रोहिल्ला से 18 से 21 नवंबर तक प्रतिदिन शाम 7:10 बजे रवाना होकर रात 12:40 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04471 रींगस से 19 से 22 नवंबर तक प्रतिदिन रात दो बजे चलेगी और सुबह 6:30 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी। ये ट्रेनें दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, पटौदी रोड, रेवाड़ी, नारनौल और नीम का थाना स्टेशनों पर रुकेंगी। इनमें केवल सामान्य श्रेणी के डिब्बे होंगे।