-1.32 करोड़ रुपये की परियोजना से सड़क का होगा कायाकल्प, बरसात में आवाजाही होगी आसान
सनी सिंह
नई दिल्ली।
पूर्वी दिल्ली के रोहताश नगर क्षेत्र में ट्रंक ड्रेन-1 के किनारे वर्षों से खस्ताहाल सर्विस रोड का पुनर्निर्माण होगा। इस निर्माण कार्य के लिए करीब 1.32 करोड़ रुपये की योजना तैयार की है। इस सड़क के बनने से न केवल स्थानीय लोगों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि ड्रेन के रखरखाव और बरसात के दौरान जलनिकासी व्यवस्था को भी दुरुस्त होगी। ट्रंक ड्रेन-1 पूर्वी दिल्ली की प्रमुख जलनिकासी प्रणाली का हिस्सा है। इसके किनारे बनी सर्विस रोड लंबे समय से जर्जर पड़ी थी। जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई सतह और जलभराव के कारण वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जब सड़क पर पानी भरने और फिसलन के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
आईएंडएफसी विभाग के अनुसार परियोजना के तहत क्षतिग्रस्त हिस्से का पुनर्निर्माण होगा। नई सड़क बनने से विभागीय मशीनों और कर्मचारियों को ड्रेन की नियमित सफाई एवं आपातकालीन रखरखाव कार्य में भी सुविधा मिलेगी। इससे बरसात के दौरान जलनिकासी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाए रखने में मदद मिलेगी। स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से सड़क की खराब हालत उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रही है। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों, दुपहिया वाहन चालकों और छोटे व्यापारियों को सबसे अधिक परेशानी होती है। कई बार वाहन गड्ढों में फंस जाते हैं और बारिश के दौरान सड़क पर चलना भी मुश्किल हो जाता है। परियोजना पूरी होने के बाद रोहताश नगर और आसपास के क्षेत्रों के हजारों दैनिक यात्रियों को बेहतर सड़क मिलेगी।