सीसीएसयू की कार्यप्रणाली के चलते सत्र 2014-15 के रेगुलर छात्र-छात्राओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। विवि ने बीते दो फरवरी को रेगुलर मुख्य परीक्षा फार्म तो जारी कर दिए, लेकिन रेगुलर बैक व एक्स ऑनलाइन परीक्षा फार्म विवि अपलोड करना भूल गया।
विवि की व्यवस्था के चलते अब छात्र-छात्राओं का समय और पैसा दोनों जाया होंगे। साइबर कैफे में विद्यार्थियों को पहले रेगुलर मुख्य और फिर बाद में बैक-एक्स परीक्षा फार्म भरने के लिए दुगनी राशि खर्च करनी होगी।
विवि के अधिकांश छात्र-छात्राएं परीक्षा फार्म भरने के लिए साइबर कैफे संचालकों पर निर्भर हैं। एक बार फार्म भरवाने के लिए विद्यार्थियों को 200 से 250 रुपये प्रति फार्म खर्च करने पड़ते हैं।
ऐसे में छात्र-छात्राओं पर आर्थिक बोझ पड़ेगा साथ ही उन्हें फार्म भरवाने के लिए साइबर कैफे संचालकों के यहां चक्कर काटने होंगे।
एचएलएम में एलएलबी के छात्र अभिषेक ने बताया कि विवि की व्यवस्था के चलते मुख्य के बाद अब बैक परीक्षा फार्म का इंतजार करना होगा।
10 के बाद खत्म होगा बैक-एक्स का इंतजार
विवि के रेगुलर स्तर के बैक और एक्स ऑनलाइन परीक्षा फार्म के लिए अभी इंतजार करना होगा। विवि सूत्रों के अनुसार, बैक और एक्स परीक्षा फार्म 10 फरवरी के बाद जारी होने की संभावना है।
बैक-एक्स परीक्षा फार्म जारी नहीं होने में तकनीकी दिक्कतों को मुख्य वजह माना जा रहा है।