देश की राजधानी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में शुक्रवार दोपहर बेटे को स्कूल से लेकर लौट रही महिला का पर्स झपटने में विफल होने पर बदमाशों ने ऑटो चालक को लात मार दी।
अनियंत्रित होकर ऑटो पलट गया। हादसे में ऑटो चालक व महिला बुरी तरह से जख्मी हो गए। ऑटो पलटने के बाद आरोपी महिला का पर्स लूटकर फरार हो गए। पर्स में पांच हजार, मोबाइल व अन्य कीमती सामान मौजूद था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर देर शाम को स्कूटी सवार दोनों आरोपी सीलमपुर निवासी जावेद और सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों के पास से पीड़िता का लूटा गया पर्स भी बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता विधि जिंदल शुक्रवार दोपहर बेटे को स्कूल से लेकर घर जाने के लिए ऑटो में सवार हो गई। चालक विनोद कुमार ऑटो लेकर ज्योति नगर की ओर चल दिया।