मेट्रो में बढ़ती भीड़ को देखते हुए डीएमआरसी ने तीन लाइनों पर आठ कोच वाली मेट्रो की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया है। डीएमआरसी ने यात्रियों की सुविधा के लिए 258 नए कोच बनाने का ऑर्डर दे दिया है। इसकी पहली खेप 2016 के पहली तिमाही में मिलेगी। जबकि पूरा ऑर्डर 2018 तक पूरा हो पाएगा। यह काम दो कंपनियों बोम्बार्डियर और बीईएमएल को दिया गया है।
मेट्रो आठ कोच वाली ट्रेनों की संख्या रिठाला से दिलशाद गार्डन (रेड लाइन), जहांगीरपुरी से हुडा सिटी सेंटर (यलो लाइन) और द्वारका सेक्टर 21 से नोएडा सिटी सेंटर (ब्लू लाइन) पर बढ़ाई जाएगी। मेट्रो का कहना है कि इन तीनों लाइनों पर यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है। इसलिए सफर को आसान बनाने के लिए यह फैसला लिया गया है।
मेट्रो के मुताबिक, दिल्ली में रोजाना करीब 25 लाख लोग रोजाना सफर करते हैं। इसमें रेड यलो और ब्लू लाइन पर सबसे ज्यादा भीड़ होती है। इसलिए मेट्रो ने 17 नए आठ कोच वाली ट्रेन के साथ 61 छह कोच वाली ट्रेन को आठ कोच में कनवर्ट करने का फैसला लिया है। इसमें कुल 258 नए कोच बनेंगे, जिसमें से 162 कोच बोम्बार्डियर बनाएगी जो कि गुजरात के प्लांट में बनेगा। बाकी 96 कोच बीईएमएल बनाएगी।